शराब के ठेके के विरोध में हंगामा करते लोग
आगरा। प्रतापनगर चौराहे पर शराब का ठेका खोलने का क्षेत्रीय लोगों ने विरोध किया। बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय लोगों ने ठेके पर पहुंचकर हंगामा किया। लोगों का आरोप है कि रिहायशी इलाके के बीच में शराब का ठेका खुलने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर प्रभाव पड़ेगा। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर शराब का ठेका न हटाया गया तो वह प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
आलाेक नगर चौराहे पर चल रही शराब की दुकान बंद होने के बाद शराब ठेका संचालक सुनीता गुप्ता ने प्रताप नगर चौराहे के नजदीक एक जर्जर मकान को किराए पर लेकर संचालन की तैयारी शुरू कर दी। बृहस्पतिवार सुबह जब ठेके का बोर्ड लगा तो लोग हरकत में आए। दोपहर में मकान की सीढि़यों पर ही शराब का स्टाॅक रखने पर लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। सूचना पर स्थानीय पार्षद नेहा गुप्ता, भाजपा नेता श्याम भदौरिया, जय कुमार गुप्ता, हेमंत पवार समेत तमाम लोगों ने चौराहे पर ठेका खुलने की आपत्ति जताई। पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर हंगामा होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग शराब ठेके का संचालन न होने की बात पर अड़े रहे।
पार्षद ने कहा कि आसपास के पूरे इलाके में लोग शराब ठेके के लिए दुकान देने को तैयार नहीं है। जिस भवन में दुकान खोली जा रही है, उसके आसपास कई दुकानें महिलाएं ही चलाती हैं। शराब की दुकान खुलने पर किसी घटना की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ठेके को तत्काल बंद कराया जाए। वहीं, पुलिस ने शराब ठेका संचालक से दस्तावेज तलब किए हैं।