पकड़े गए लोगों से पूछताछ में पता चला कि फार्म हाउस अशोक राणा का है। उन्होंने यह सचिन, परम, विष्णु और विशाल गोयल को लीज पर दे रखा है। इसमें विजय उर्फ बीपी उर्फ प्रदीप उर्फ दीपा और रणवीर के माध्यम से लड़कियां लाई जाती थीं। फार्म हाउस में आनेवाले ग्राहकों को तीन से चार हजार रुपये में लड़कियों की बुकिंग होती थी। ग्राहकों को कमरा भी दिया जाता था।
संबंधित खबर- देह व्यापार: स्पेशल टीम करेगी सीडी की जांच, फंसेंगे पुलिसवाले, सरगना ने बताए कई कारोबारियों के नाम
एसएसपी ने बताया कि आरोपी संचालक सचिन, परम, विष्णु से पूछताछ में पता चला कि अनैतिक कमाई में से अशोक राणा को भी हिस्सा देते थे। उन्हें इस धंधे की जानकारी थी। एक पार्टनर विशाल छापे से कुछ देर पहले भाग गया। गिरफ्तार आरोपितों से दो तमंचे, सात मोबाइल, छह बियर की केन, छह हजार रुपये व आपत्तिजनक सामान मिला है। अब चर्चा है कि अशोक राणा एक पार्टी से जुड़ा हुआ है। हालांकि उसके बारे में जांच की जा रही है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
फतेहाबाद के गांव छह विस्वा निवासी विजय उर्फ बीपी, डौकी के कुंडौल निवासी राम, सचिन, राजेश, सिकंदरा के बाईंपुर निवासी जयवर्धन, रणवीर सिंह, मंसुखपुरा के गांव मलकापुरा निवासी परम, मथुरा के फरह निवासी विष्णु, मुरैना निवासी प्रदीप, साथ ही पश्चिम बंगाल की तीन युवतियां पकड़ी गईं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में तीन और होटल सिकंदरा क्षेत्र स्थित होटल जशोदा गेस्ट हाउस, शास्त्रीपुरम स्थित जेपी पैलेस होटल और एनएच-2 पर फोर सीजन होटल के नाम भी सामने आए हैं। यहां भी लड़कियों को भेजा जाता था। व्हाट्स एप पर युवती का फोटो भेजकर बुकिंग होती। आरोपी संचालक पहले होटलों में काम करते थे। एजेंटों के संपर्क में आकर बाद में खुद यह काम करने लगे।
लॉकडाउनसे पहले आई थीं युवतियां
गिरफ्तार हुई तीनों युवतियों को फार्म हाउस में लॉकडाउन से पहले लाया गया था। उन्हें रकम में से कुछ हिस्सा ही दिया जाता था। दिल्ली से उन्हें यहां भेजा गया था। पूर्व में भी युवतियों के आने की जानकारी मिली है।
लूट के प्रयास के दौरान छोड़ी कार से मिला सुराग
पुलिस के अनुसार सचिन, परम और राम ने अपने एक अन्य साथी पवन के साथ मिलकर दो जुलाई को अकबरा रोड पर सिकंदरा क्षेत्र के रहने वाले रामपाल से मारपीट कर बाइक लूट का प्रयास किया था। भीड़ जुटने पर उसे कार छोड़कर भागना पड़ा। कार पंक्चर हो गई थी। मामले में भी सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज है। कार पर एटा का नंबर लिखा था। पुलिस कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में लगी थी। तभी सुराग मिल गया। कई दिन से रेकी की जा रही थी।
सिकंदरा क्षेत्र के होटलों और गेस्ट हाउस में पहले भी देह व्यापार पकड़ा जा चुका है। कई बार पुलिस छापा मार चुकी हैं। मगर, होटल का नाम बदलकर फिर से संचालक यह काम करने लगते हैं।
मेरा कोई लेना देना नहीं: अशोक राणा
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक राणा का कहना है कि उन्होंने सिकंदरा स्थित अपना फार्म हाउस एक दिसंबर 2019 को विशाल गोयल को एक साल के लिए किराये पर दिया था। लॉकडाउन में फार्म हाउस पर आना-जाना भी नहीं रहा। अब इसमें अनैतिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर एसएसपी से मिलकर बताया है कि मामले में किसी व्यक्ति ने मेरा नाम लिया है, वह बिल्कुल गलत है। मेरे संज्ञान में यहां की कोई जानकारी नहीं है।
अशोक राणा की एएसपी को सौंपी जांच
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि अशोक राणा ने अपना पक्ष रखा है। कहा कि फार्म हाउस किरायेदारी पर दिया था। इस प्रकरण से कोई मतलब नहीं है। इसमें किसी तरह की संलिप्तता नहीं है। इसकी पुन: विवेचना की जाए। इस पर एएसपी सौरभ दीक्षित को जांच दी गई है।