सपा नेता रामेश्वर सिंह यादव और जुगेंद्र सिंह यादव
- फोटो : अमर उजाला
एटा में सपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। शनिवार को पुलिस ने जुगेंद्र सिंह यादव की पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा यादव का आसपुर में एक प्लाट व तीन बीघा जमीन जब्त की गई है। इस संपत्ति की अनुमानित कीमत एक करोड़ 17 लाख रुपये बताई गई।
गैंगस्टर एक्ट के मामले में जुगेंद्र सिंह यादव और इनके बड़े भाई पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव पर कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिस पर डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने उनकी और परिजन की चल-अचल संपत्तियां कुर्क कर जब्त करने का आदेश दिया। इसके तहत लगातार संपत्तियों के जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
विवेचना के दौरान कुछ नई संपत्तियां भी सामने आई हैं। इसे लेकर शनिवार को पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई है। तहसीलदार सदर सीपी सिंह ने बताया कि तहसील क्षेत्र के अंतर्गत जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 के तहत रेखा यादव पत्नी जुगेंद्र सिंह यादव निवासी अमृतपुर रघुपुर थाना जसरथपुर की आसपुर में गाटा संख्या 692 रकबा 206 वर्ग मीटर आवासी प्लाट व गाटा संख्या 709, 710, 712 का संपूर्ण रकबा 0.244 हैक्टेयर भूमि जो कि भूमाफिया जुगेंद्र सिंह एंड कंपनी पार्टनर रेखा यादव के द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति है। इन संपत्तियों को मुनादी कराकर जब्त किया गया है।
करोड़ों की संपत्ति हो चुकी है जब्त
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव और पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव पर कोतवाली नगर में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। जहां पूर्व विधायक जेल में निरुद्घ है। डीएम के निर्देश पर दोनों भाइयों की करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष फरार चल रहे हैं।