बीएड में प्रवेश लेने वाले जौनपुर, संत कबीरनगर, सुल्तानपुर और प्रयागराज के छात्र धोखाधड़ी का शिकार हो गए। शनिवार को वह एसपी सिटी ऑफिस पहुंचे। उनका कहना था कि एजेंट ने प्रवेश दिलाया था। परीक्षा दिलाने का वादा किया था। परीक्षा शुरू होने से पहले रकम ले ली लेकिन प्रवेश पत्र नहीं दिए। आगरा आए, लेकिन परीक्षा नहीं दे सके।
जौनपुर के अनूप कन्नौजिया, पंकज चंद्रा, सोनू कुमार, प्रवेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार, वकील कुमार, प्रयागराज के आलोक सिंह, संत कबीरनगर के सुजीत कुमार, सुल्तानपुर के नीरज, दीपेश कुमार सहित 25 छात्र आगरा आए हैं। शनिवार सुबह सभी एसपी सिटी आफिस पहुंचे। उनका कहना था कि सभी एससी अभ्यर्थी हैं। उन्होंने जौनपुर के ही 3 एजेंट से संपर्क किया था। उन्होंने वर्ष 2020-21 के लिए एससी कोटे में आगरा के कागारौल स्थित रघुराम महाविद्यालय में बीएड में प्रवेश दिलाने की बात कही। यह भी कहा कि छात्रवृत्ति मिल जाएगी। कोरोना काल की वजह से पहले वर्ष की परीक्षा नहीं हुई थी। छात्रों को बिना परीक्षा अगले वर्ष में प्रवेश दिला दिया गया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2021-22 की परीक्षा शुरू हुईं तो प्रवेश पत्र नहीं दिए गए। इसके लिए अखिलेश ने उन्हें आगरा बुलाया। यहां आने पर छात्रों से पांच-पांच हजार रुपये लिए लेकिन प्रवेश पत्र नहीं दिए। इस कारण कोई भी परीक्षा नहीं दे पाया है। उनका सेंटर आरबीएस कॉलेज में पड़ा था। छात्रों ने एसपी सिटी से कार्रवाई की मांग की।