प्रो. राम शंकर कठेरिया
- फोटो : स्रोत इंटरनेट
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अध्यक्षों को बदल दिया है। केएमआई की जिम्मेदारी आगरा के पूर्व सांसद एवं पूर्व राष्ट्रीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अध्यक्ष प्रो. राम शंकर कठेरिया को कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी हिंदी अध्ययन एवं भाषा विज्ञान संस्थान (केएमआई) का विभागाध्यक्ष बनाया गया है।
इसी के साथ ही समाज कार्य विभाग, पर्यावरण अध्ययन विभाग, भौतिक विज्ञान विभाग और कंप्यूटर विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष बदले गए हैं। कुलपति के निर्देश पर 1 सितंबर को जारी हुए आदेशों के पालन में कुलसचिव ने यह नियुक्तियां तीन वर्ष की अवधि या अधिवर्षिता आयु पूर्ण होने तक प्रभावी रहेंगी। समाज विज्ञान संस्थान के समाज कार्य विभाग की जिम्मेदारी अब प्रो. रनवीर सिंह के स्थान पर प्रो. हेमा पाठक (डीन कला संकाय) उठाएंगी।
वो 17 जुलाई 2028 या अधिवर्षिता आयु पूरी होने या फिर समाज कार्य विभाग में शिक्षकों की सह आचार्य पद पर नियुक्ति या फिर प्रोन्नति होने तक इस पद को संभालेंगी। केएमआई के विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी आगरा के पूर्व सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया को दी गई है।
वह इस पद पर 1 अगस्त 2028 या अधिवर्षिता आयु पूर्ण होने तक रहेंगे। पर्यावरण अध्ययन विभाग की जिम्मेदारी प्रो. भूपेंद्र स्वरूप के स्थान पर प्रो. रजनीश अग्निहोत्री निभाएंगे। भौतिक विज्ञान विभाग की जिम्मेदारी प्रो. बीपी सिंह को दी गई है। इसी क्रम में प्रो. मनु प्रताप सिंह को कंप्यूटर विज्ञान विभाग का अध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व में इस पद की जिम्मेदारी प्रो. वीके सारस्वत निभा रहे थे।