आगरा। थाना जगदीशपुरा के मालखाने में रखे माल की सूची बनकर तैयार हो गई है। समिति ने बृहस्पतिवार को बैठक की। इसके बाद रजिस्टर में दर्ज माल और मालखाने में रखे माल का मिलान शुरू करा दिया गया। इसके बाद हेड मोहर्रिर को चार्ज देने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई।
जगदीशपुरा थाना के मालखाने में 25 लाख रुपये की चोेरी का मामला 17 अक्तूबर 2021 को सामने आया था। मालखाने में रखे बक्से के ताले टूटे पड़े थे। यह रकम एक ठेकेदार के घर में हुई चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपियों से बरामद हुई थी। इस मामले में तत्कालीन एसएसपी मुनिराज जी ने थाना प्रभारी निरीक्षक, मालखाना प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। पुलिस ने मामले में सफाई कर्मी अरुण नरवार को पकड़ा। उसकी पूछताछ के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
थाना जगदीशपुरा का मालखाना तकरीबन सौ वर्गगज में फैला हुआ है। इसमें चार कमरे बने है। वर्ष 2020 में हेड मोहर्रिर की मौत हो गई थी। इस पर पुराने माल के कमरों को सील कर दिया गया था। नए कमरे में सामान रखा जा रहा था। मालखाने में रखे माल का सत्यापन करने के लिए एसीएम, सीओ, एसपीओ, निरीक्षक और एसएसआई के नेतृत्व में समिति का गठन किया गया था। इसी दौरान चोरी का मामला सामने आया था। इस पर समिति गठित की गई। सीओ लोहामंडी अर्चना सिंह के मुताबिक, मालखाने का चार्ज देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
आवास विकास कॉलोनी में ठेकेदार के घर में चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनसे चोरी की किए गए 4.50 किलोग्राम सोने के जेवरात और रुपये बरामद किए गए थे। इनमें से रकम चोरी हो गई थी। पुलिस ने बाद में 15 लाख बरामद कर लिए थे। सोने और रकम को सदर मालखाने में जमा करा दिया गया है।