मैनपुरी। सर्दी बुजुर्गों और सांस के मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में भर्ती एक वृद्ध की सांस लेने में दिक्कत के चलते मौत हो गई। वहीं पांच अन्य मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है। जिला अस्पताल की ओपीडी में 615 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
पिछले कुछ दिनों से अस्थमा के मरीजों की दिक्कतें बढ़ी हैं। बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और उनकी मौत हो रही है। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव नगला कोंडर निवासी 80 वर्षीय बाबूराम को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत थी परिजनों ने शुक्रवार को उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में शुक्रवार को कुल 615 मरीजों को भर्ती कराया गया।
अस्पताल की इमरजेंसी में सांस की दिक्कत के चलते 11 मरीज भर्ती कराए गए जिनमें से आठ बुजुर्ग थे। पांच बुजुर्गों को गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है। अस्पताल की ओपीडी में 45 बुजुर्गों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
थाना औंछा क्षेत्र के गांव ज्योंति निवासी 48 वर्षीय भारत सिंह पिछले कुछ दिनों से क्षयरोग से पीड़ित थे। परिजन शुक्रवार को उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां उपचार शुरू हो पाता कि इससे पहले ही उन्हें खून की उलटी हुई और उनकी मौत हो गई।