मैनपुरी। जिले में हार्ट के मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ रही है। रविवार को महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में तीन मरीजों ने दम तोड़ दिया। पांच मरीजों को गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया। जिला अस्पताल में 11 मरीज भर्ती किए गए।
जिले में सर्दी का सितम जारी है। पिछले एक सप्ताह में जिला अस्पताल में 17 मरीजों ने दम तोड़ दिया। रविवार को भी महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचे। जिला अस्पताल पहुंचे तीन मरीजों की हार्ट अटैक से मौत हो गई। शहर के मोहल्ला चौथियाना निवासी बचान सिंह (55) को सुबह हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उनको गंभीर हालत में जिला अस्पताल में लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना कुर्रा के गांव अंगदपुर निवासी ईश्वर दयाल (66)को सुबह हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उनको गंभीर हालत में जिला अस्पताल में लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। भाऊपुर कोतवाली निवासी रामप्रकाश (80) को रविवार की सुबह हार्ट अटैक पड़ा। परिजन ने उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सीएमएस डाॅ. मदनलाल ने बताया कि दो मरीजों को परिजन मृत अवस्था में अस्पताल लाए थे। वहीं एक मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। संवाद