किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार भाजपा सरकार पर हमलावर हो रही है। दिल्ली आ रहे किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने नाकेबंदी की है। इस खबर को प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट करते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर हमला बोला है।
प्रियंका ने अपने ट्वीट में लिखा है कि भाजपा अपने अरबपति मित्रों के लिए लाल कालीन बिछाकर देश का सारा धन उनके हवाले कर रही है, लेकिन किसान अपना हक मांगने दिल्ली आना चाहते हैं तो नाकाबंदी की जा रही है। उन्होंने लिखा है कि भाजपा और सूटबूट वालों की जुगलबंदी है, किसान का हक छीनने को ये नाकाबंदी है।
गौरतलब है कि दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में निकलने वाली ट्रैक्टर रैलियों को रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर नाकेबंदी की गई है। अब कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली यमुना एक्सप्रेसवे पर नहीं चढ़ सकेगी। नाकेबंदी कर इन्हें दिल्ली की ओर जाने से रोका जाएगा। मथुरा में पुलिस और एक्सप्रेसवे अधिकारियों को बैठक कर इस बाबत दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर नाकाबंदी, नहीं चढ़ सकेंगे ट्रैक्टर