फिरोजाबाद के नसीरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक प्राइवेट बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए। घायलों को यूपीडा के कर्मचारियों ने अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राइवेट स्लीपर बस औरेया से दिल्ली जा रही थी। नसीरपुर के समीप बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। ट्रक से टक्कर होते ही बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास खेत में काम कर रहे ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
सूचना मिलने पर पुलिस और यूपीडा के कर्मचारी पहुंच गए। हादसे में बस सवार पांच यात्री घायल हो गए, जिन्हें यूपीडा के कर्मचारियों ने एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
हादसे में घायल कुलदीप पुत्र अकबर सिंह निवासी नगला सावर, मोहित पुत्र प्रमोद निवासी झिझहा, दीपक पुत्र जयवीर निवासी सेम, विकास पुत्र अनिल, अनु पुत्र सुरजन निवासी गोहरा भरथना, जनपद इटावा के रहने वाले हैं।