कासगंज में निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे पुलिस लाइन के पीछे सोमवार की दोपहर एक प्रशिक्षु विमान तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग कराते समय क्रैश हो गया। हादसे में महिला पायलट घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर अग्निशमन दल की गाड़ियां, एंबुलेंस समेत पुलिस मौके पर पहुंच गई। डीएम और एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया। एविएशन कंपनी की टीम भी मौके पहुंच गई। हादसे के कारणों की जांच चल रही है।
">http://
चेतक एविएशन कंपनी के प्रशिक्षु विमान ने सोमवार दोपहर अलीगढ़ जिले में स्थित धनीपुर हवाई पट्टी से उड़ान भरी। विमान को मुंबई के पवई निवासी कायनात खान (27) पुत्री कादर खान उड़ा रहीं थीं। विमान कासगंज की सीमा में उड़ रहा था, तभी दोपहर करीब 3:15 बजे विमान में तकनीकी खराबी आ गई। विमान का एविशन कंपनी से संपर्क टूट गया। इससे विमान चला रही महिला पायलट रास्ता भटक गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान काफी कम ऊंचाई पर आ गया और उसका संतुलन बिगड़ने लगा। पुलिस लाइन के आसपास विमान को हवा में हिचकोले खाता देखा गया। पायलट ने सूझबूझ के साथ आबादी से दूर पुलिस लाइन के पीछे निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग करने का प्रयास किया। इस दौरान विमान हाईवे किनारे लगे विद्युत तारों से टकरा गया और हाईवे के किनारे मिट्टी पर जा गिरा। तेज आवाज के साथ धूल का गुबार उठा तो ग्रामीण दौड़ कर मौके पर पहुंच गए। हादसे में विमान क्षतिग्रस्त हो गया। महिला पायलट घायल हो गई।
विमान हादसे की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस में खलबली मच गई। अग्निशमन विभाग की गाड़ियां, एंबुलेंस के साथ पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल पायलट को जिला अस्पताल भिजवाया गया। डीएम प्रणय सिंह, एसपी ओपी सिंह, एएसपी सुशील कुमार, एसडीएम सदर संजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जानकारी ली। करीब एक घंटे के बाद अलीगढ़ से एविएशन कंपनी की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने विमान का मुआयना करके हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
तकनीकी खराबी के चलते प्रशिक्षु विमान पुलिस लाइन के पीछे बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे क्रैश हो गया। प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची। घायल पायलट का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। एविएशन कंपनी हादसे की जांच कर रही है।
-प्रणय सिंह, डीएम