आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने व्यक्तिगत परीक्षा फॉर्म भरने आखिरी तारीख 15 अप्रैल तक बढ़ा दी है। छात्र-छात्राएं बिना विलंब शुल्क जमा किए फॉर्म भर सकेंगे। गत दो वर्षों की अपेक्षा चालू वर्ष में व्यक्तिगत परीक्षा का फॉर्म भरने के प्रति रुझान अधिक है।
चालू शैक्षणिक सत्र में व्यक्तिगत परीक्षा फार्म भरवाने का निर्णय संबंधित विश्वविद्यालयों पर छोड़ा गया था। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक मित्तल ने व्यक्तिगत परीक्षा का फॉर्म भरवाने का निर्णय लिया। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार के मुताबिक 10 अप्रैल तक करीब 11,000 छात्रों ने व्यक्तिगत परीक्षा का फॉर्म भरा है। गत वर्ष संख्या करीब 10,000 और उससे पहले 8,000 थी। इस वर्ष संख्या 14,000 के करीब पहुंचने की उम्मीद है। 15 अप्रैल तक बिना विलंब शुल्क के और उसके बाद विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरने का मौका दिया जाएगा। उसकी तारीख बाद में घोषित कर दी जाएगी।