आगरा में ब्याज के महज चार हजार रुपये के लिए प्राइवेट कर्मचारी संग उसकी पत्नी और बेटी को बेरहमी से पीट दिया गया। आरोपियों ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया। ये देख भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले।
आगरा के थाना छत्ता के नया घेर में ब्याज के 4 हजार रुपये नहीं देने पर प्राइवेट कर्मी, उसकी पत्नी और बेटी को बेरहमी से पीटा गया। प्राइवेट कर्मी को कमरे में बंद भी कर दिया। जान से मारने की धमकी दी। लोगों के जुटने पर पीड़ित को छोड़ा। आरोपी पुलिस से भी अभद्रता करने लगे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
नया घेर, झूलेलाल कालोनी, छत्ता निवासी तेज सिंह प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। बेटी मुस्कान भी नौकरी करती हैं। उन्होंने थाना छत्ता में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में कोरोना के दाैरान छोटी बहन बीमार हो गई थी। उस समय पिता के पास इलाज के लिए रकम नहीं थी। उन्होंने क्षेत्र के मुकेश कुमार से 10 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। अब तक 22 हजार से अधिक रकम चुकता भी कर दी। अब ब्याज के 4 हजार रुपये ही बचे थे। 3 फरवरी को पिता तेज सिंह छोटे भाई को स्कूल छोड़कर घर आ रहे थे। तभी मुकेश के साले छोटू और बबलू ने रोक लिया।
दोनों ने पिता से गाली-गलाैज की। वह घर आ गए। इसके बाद वो पिता और मां संजू देवी के साथ आरोपी के घर पहुंचीं। वह मारपीट पर उतारू हो गए। तेज सिंह की कमरे में बंद कर पिटाई लगाई। भीड़ के जुटने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर छोड़ा। पुलिस ने छोटू को पकड़ लिया। डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि आरोपी छोटू को गिरफ्तार किया गया है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मुकेश का कहना था कि रुपये के लिए किसी पर कोई दबाव नहीं डाला है।