वापस कराएंगे मरीजों को पैसा
आईएमए आगरा के अध्यक्ष राजीव उपाध्याय ने कहा कि हमने आईएमए की सेल बनाई है। जहां अधिक इलाज खर्च वसूली की बात सामने आएगी, वहां मरीजों का पैसा अस्पतालों से वापस कराया जाएगा। पांच सदस्यीय कमेटी बिलों की जांच करेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी पाण्डेय ने कहा कि कोई भी कोविड अस्पताल निर्धारित दर से अधिक पैसा मरीजों से नहीं लेगा। अगर किसी मरीज से कोई अस्पताल इलाज में खर्च का अधिक पैसा लेता है तो उसकी लिखित शिकायत मेरे कार्यालय में दर्ज कराएं। ऐसे अस्पतालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। महामारी एक्ट में इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
इलाज की कीमतों पर आईएमए में रार शुरू
कोविड अस्पतालों में आइसोलेशन बेड के आठ हजार, आईसीयू के 12 हजार और वेंटीलेटर के 18 हजार रुपये प्रतिदिन इलाज के खर्च पर आईएमए में रार शुरू हो गई है। आईएमए अध्यक्ष राजीव उपाध्याय ने आइसोलेशन बेड खर्च 12 हजार, आईसीयू 20 और वेंटीलेटर के 30 हजार रुपये तय करने की मांग की है।
वहीं आईएमए यूपी के पूर्व अध्यक्ष हरेन्द्र गुप्ता ने कीमत बढ़ाने पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अस्पतालों के लिए मरीजों का हित सर्वोपरि है न कि कमाई करना। आईएमए के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. ओपी यादव ने कहा है कि कीमत बढ़ने से गरीब मरीजों पर बोझ पढ़ेगा। कीमतें बढ़ाना न्यायोचित नहीं है।