कासगंज के गांव लुहर्रा में अजारक तत्वों द्वारा उखाड़ा गया पृथ्वीराज चौहान का बोर्ड
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। गोरहा बाईपास के लुहर्रा गांव में लगे पृथ्वीराज चौहान के बोर्ड पर छपे चित्र को शरारती तत्वों ने ईंटों से खुरचकर आकृति बिगाड़ी और बोर्ड उखाड़ दिया। इस बात से क्षत्रिय समाज के लोगों में आक्रोश भड़क गया। आक्रोश की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बोर्ड को सही कराकर दोबारा स्थापित करा दिया। अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ ग्रामीणों ने पुलिस को तहरीर दी है।
बृहस्पतिवार की सुबह जैसे ही ग्रामीण गांव से खेतों की ओर निकले तो बाईपास से गांव की ओर बोर्ड सड़क पर पड़ा मिला। जब लोगों ने बोर्ड पर छपे पृथ्वीराज चौहान के चित्र को छपा देखा तो शरारती तत्वों के खुरचने के कारण चित्र खराब मिला। यह जानकारी जब क्षत्रिय समाज के लोगों को हुई तो वे भी मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों में घटना पर आक्रोश व्यक्त किया। शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान श्यामवीर सिंह चौहान, अमर सिंह चौहान, विनोद चौहान ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी है। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन शर्मा ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया और बोर्ड पुर्नस्थापित करा दिया।