जिला कारागार में फंदे पर लटककर जान देने की कोशिश करने वाले गुलहसन का जिला अस्पताल में उपचार कर
मैनपुरी। जिला कारागार में सोमवार को एक बंदी ने फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। लाइब्रेरी की खिड़की पर गमछे का फंदा कसकर उस पर झूल गया। साथी बंदियों ने देखने के बाद उसे तुरंत फंदे से उतारा। जेल प्रशासन जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां से उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
गुलहसन निवासी महटोली, दन्नाहार के खिलाफ उसकी पत्नी ने ही घरेलू हिंसा की शिकायत की थी। पत्नी की शिकायत पर दन्नाहार थाना पुलिस ने शनिवार को शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए गुलहसन को एसडीएम कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। जेल में वह तनाव में था। सोमवार दोपहर को जेल स्थित लाइब्रेरी में पहुंचा। वहां अन्य बंदियों का आवागमन कम हुआ तो गुलहसन ने गमछे से बनाया फंदा खिड़की पर डाला और उस पर झूल गया। अन्य बंदियों ने समय रहते उसे देख लिया। तत्काल उसे फंदे से उतार लिया और जेल प्रशासन को सूचना दी।
वहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बंदी को इटावा के सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
बंदी शांतिभंग के मामले में एक फरवरी को पुलिस द्वारा जेल में दाखिल किया गया था। सोमवार को उसे लाइब्रेरी की खिड़की पर गमछे से फंदा डालकर उससे लटककर जान देने की कोशिश की। हालांकि उसे समय रहते बचा लिया है। बंदी का उपचार चल रहा है।
- कोमल मंगलानी, जेल अधीक्षक