मैनपुरी में अश्लील वीडियो व फोटो वायरल होने के बाद किशोरी द्वारा आत्महत्या करने के मामले में आरोपी युवक को जेल भेजा गया था। जहां उसने आत्महत्या की कोशिश की। बंदी ने जेल में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। आनन-फानन में बंदी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे सैफई रेफर कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 13 अगस्त को दलित किशोरी ने अश्लील वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली थी। इस घटना के बाद गांव के ही पांच युवकों के विरुद्ध दुष्कर्म, पॉक्सो, आत्महत्या के लिए प्रेरित करना समेत अन्य गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
पुलिस ने जांच के दौरान दो शरणदाताओं सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वहीं एक आरोपी मोंटी यादव अभी भी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है। शुक्रवार को जेल भेजे गए चौथे आरोपी उमेश ने रविवार की सुबह जेल में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। जब इसकी जानकारी जेल प्रशासन को हुई तो हड़कंप मच गया।