मैनपुरी। करहल विकास खंड के एक प्राथमिक विद्यालय पर तैनात प्रधानाध्यापक पर प्रधान प्रतिनिधि ने गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रधान प्रतिनिधि ने ग्रामीणों और बच्चों के साथ बुधवार को स्कूल में प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों से प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की मांग की है। आरोप लगाए गए हैं कि प्रधानाध्यापक बच्चों के एमडीएम का खाद्यान्न बेच देता है। स्कूल भी समय से नहीं आता है।
करहल तहसील क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भटोहा के प्रधानाध्यापक पर ग्रामीणों और प्रधान और बच्चों ने समय से स्कूल न आने और मिड डे मील मे अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है l प्रधान पति अर्जुन सिंह तोमर ने कहा है कि प्रधानाध्यापक अभिषेक प्रताप सिंह कभी भी समय से स्कूल नहीं आता है। स्कूल में शराब पीकर आता है। यहीं नहीं उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक एमडीएम का खाद्यान्न गेहूं और चावल भी बेच देता है। इसके चलते बच्चों को उचित एमडीएम नहीं मिल पा रहा है।
प्रधान प्रतिनिधि ने विद्यालय पर ग्रामीणों और बच्चों के साथ प्रदर्शन किया। अधिकारियों से मांग की कि कई बार पहले भी शिकायत की जा चुकी है लेकिन प्रधानाध्यापक पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। प्रधान प्रतिनिधि ने प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की मांग की है।
मामला जानकारी में नहीं है। खंड शिक्षाधिकारी को भेजकर जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित प्रधानाध्यापक पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। - दीपिका गुप्ता, बीएसए