मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शहर में इनर रिंग रोड, ताजगंज प्रोजेक्ट और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे जैसी योजनाओं का लोकार्पण नहीं कर पाए लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली से पहले आगरा को सौगात देने की तैयारी कर ली है। यही नहीं आगरा से ही केंद्र सरकार गरीब आवास योजना का भी शुभारंभ करेगी। कोठी मीना बाजार ग्राउंड में प्रधानमंत्री की सभा कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
रविवार को खंदारी परिसर स्थिति आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद रामशंकर कठेरिया ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब आवास योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसके लिए आगरा को चुना गया है। दीपावली से पहले गरीबों को तोहफा देने के उद्देश्य से 25 या 26 अक्तूबर को योजना को लांच किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों भूतल परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी को भी 15 नवंबर से पहले शहर में आना था इसलिए अब उम्मीद है कि उनका कार्यक्रम भी प्रधानमंत्री के साथ हो। नितिन गडकरी यहां से खंदारी, सुल्तानगंज की पुलिया के फ्लाई ओवर का लोकार्पण करेेंगे। इसलिए काम में अब तेजी लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा दक्षिणी बाईपास का लोकार्पण, आगरा-अलीगढ़ रोड का लोकार्पण और सिक्स लेन बनाने की घोषणा, आगरा-इटावा सिक्स लेन का शिलान्यास, आगरा बरेली बाया जलेसर रोड हाईवे का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ईदगाह स्टेशन के पास केंद्रीय विद्यालय भी अगले सत्र से प्रारंभ हो जाएगा। स्टेडियम के संबंध में सरकार के स्तर से प्रयास चल रहा है। इस अवसर पर विधायक जगन गर्ग, नवीन जैन, विजय शिवहरे, अनिल चौधरी, , प्रमोद गुप्ता, शरद चौहान, प्रमोद गांधी आदि मौजूद रहे।
ये करना था सीएम अखिलेश यादव को
- इनर रिंग रोड प्रथम चरण का लोकार्पण
- ताजगंज प्रोेजेक्ट का लोकार्पण
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे का लोकार्पण
ये करेंगे पीएम नरेंद्र मोदी और गडकरी
- प्रधानमंत्री गरीब आवास योजना का शुभारंभ
- गड़करी करेंगे दक्षिणी बाईपास का लोकार्पण
- आगरा-अलीगढ़ रोड का उद्घाटन, सिक्स लेन की घोषणा
- आगरा में उत्तरी बाईपास की घोषणा
- आगरा-बरेली बाया जलेसर हाईवे का शिलान्यास
- सुल्तानगंज और खंदारी पुल का भी लोकार्पण