लोकसभा चुनाव में आगरा और फतेहपुर लोकसभा सीट के प्रत्याशियों के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा बृहस्पतिवार को होगी। कोठी मीना बाजार मैदान में होने वाली जनसभा में 12 बजे से समर्थकों को आमंत्रित किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस जनसभा में दोपहर एक बजे पहुंचेंगे। खेरिया एयरफोर्स पर उनका विशेष विमान उतरेगा, जहां से वह टाटा गेट होते हुए रामनगर पुलिया, साकेत चौराहा होते हुए जनसभा स्थल कोठी मीना बाजार मैदान पर आएंगे। बुधवार को पुलिस, प्रशासन और एसपीजी ने प्रधानमंत्री की सभा से पहले रिहर्सल की। पुलिस ने बृहस्पतिवार को जनसभा के मद्देनजर ट्रैफिक डायवर्जन भी जारी किया है। इससे पहले साल 2014, 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए मोदी इसी मैदान पर जनसभा करने आ चुके हैं।
सादा कपड़ों में भी रहेंगे पुलिसकर्मी
सभा स्थल पर सादा कपड़ों में 100 से अधिक पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। वह जनता के बीच बैठकर नजर रखेंगे। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। सभा स्थल को एसपीजी ने अपने सुरक्षा घेरे में ले रखा है। पुलिस आयुक्त जे रविन्दर गौड ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस, पीएसी और अर्द्ध सैन्य बल को लगाया गया है। डीएफएमडी से जांच के बाद ही सभा स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा।
जनसभा के लिए पार्किंग
- फतेहपुर सीकरी मार्ग की तरफ से जनसभा में आने वाले वाहन पूर्वाह्न 11 बजे तक पृथ्वीनाथ फाटक से भोगीपुरा स्थित पार्किंग स्थल जैन मंदिर मैदान, राजीव टाॅकीज व भीम नगरी फेज-1 में खड़े होंगे।
- पूर्वाह्न 11 बजे के बाद फतेहपुर सीकरी मार्ग से जनसभा में आने वाले वाहन वायु विहार से अमरपुरा 100 फुटा अवधपुरी, मारुती एस्टेट, छोटा मामा फ्रेन्की कट से जयपुर हाउस होते हुए लोहामंडी तिराहे से जाकर जीआईसी मैदान में खड़े होंगे।
- मथुरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़ की ओर से आने वाले वाहन भगवान टॉकीज से एमजी रोड, नालबंद और सुभाष पार्क से पंचकुइयां होते हुए जीआईसी मैदान व पुराना डायट परिसर में पहुंचेंगे।
- ग्वालियर रोड, मॉल रोड खेरिया मोड़ की तरफ से जनसभा में आने वाले वाहन क्लब चौराहा से एमजी रोड होते हुए कलेक्ट्रेट तिराहा से पुलिस लाइन परेड ग्राउंड व पुलिस चिकित्सालय पार्किंग एवं ईदगाह रेलवे स्टेशन पार्किंग में अपने वाहनों को पार्क करेंगे।
- जीआईसी, पुलिस लाइन, जिला चिकित्सालय और ईदगाह की पार्किंग भर जाने के बाद भगवान टाॅकीज, एमजी रोड से जनसभा में आने वाले समस्त प्रकार के वाहन एसएन मेडिकल पार्किंग में खड़े होंगे।
- ग्वालियर रोड, माॅल रोड व खेरिया मोड़ की तरफ से आने वाले वाहन पुलिस लाइन परेड मैदान, पुलिस चिकित्सालय, ईदगाह रेलवे स्टेशन पार्किंग भर जाने के पश्चात आगरा क्लब और बीएसएनएल मैदान में वाहनों को पार्क करेंगे।
- स्पीड कलर लैब तिराहा, शाहगंज, सत्तोलाला बैरियर के बीच सड़क पर वीआईपी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
- पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों को जूता प्रदर्शनी भवन पार्किंग स्थल पर ही खड़ा कराएगा।