आगरा में मेट्रो चलाने की योजना को केंद्र सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद अब योजना के शिलान्यास की तारीख भी नजदीक आ गई है। बताया जा रहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ मार्च को कानपुर से मेट्रो योजना का शिलान्यास कर सकते हैं।
सूत्रों का कहना है कि आठ मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कानपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहां आयोजित इन्वेस्टर मीट में भी हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री कानपुर में करीब 75 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इन योजनाओं में कानपुर मेट्रो और आगरा मेट्रो रेल की योजनाओं के भी शिलान्यास की संभावना है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने आगरा मेट्रो रेल योजना को हरी झंडी दे दी है। मेट्रो पर योजना पर करीब 8380 करोड़ की लागत आएगी।
आगरा में दो कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इस काम में करीब पांच साल का वक्त लगेगा। हालांकि आगरा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को शिलान्यास के संबंध में अभी तक कोई जानकारी दी गई है।