फोटो13कासगंज के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित मिशन शक्ति संवाद कार्यक्रम में छात्राओं
कासगंज। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान ने कहा कि पिछली कुछ सरकारों ने साजिश के तहत हमारे महापुरुषों को भुला दिया। पिछले दिनों अहिल्या बाई होल्कर की जयंती मनाई गई। उन्होंने महिला शिक्षा और समाज के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया बावजूद इसके मुझे भी 4-6 साल पहले तक नहीं पता था कि उनका समाज के लिए क्या योगदान था.....? ऐसा इसलिए क्योंकि हमें हमारे महापुरुषों के बारे में पढ़ाया ही नहीं गया। साजिश के तहत हमें सिर्फ मुगलों का इतिहास पढ़ाया गया।
वह पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति 5.0 के तहत आयोजित शक्ति संवाद कार्यक्रम में छात्राओं को संबाेधित कर रहीं थीं। कहा भारत के लिए वास्तविक काम करने वालों को हमें जानना होगा। अपने महापुरुषों के बारे में जानने के लिए किताबों से दोस्ती करनी होगी। किताब में जो शब्द पढ़ेंगे, वो जीवन भर याद रहेंगे। मोबाइल और इंटरनेट पर क्विक सर्च करेंगे, वो आपके दिमाग में नहीं रहेंगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति जैसा कार्यक्रम देश के किसी भी राज्य में नहीं है। इसका स्लोगन है- सशक्त नारी, सशक्त प्रदेश। उन्होंने छात्राओं से सशक्त बनने पर जोर दिया। बोलीं पहले बेटियों को कोख में मार दिया जाता था, लोग बेटियों की पढ़ाई और सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा देकर लोगों की सोच बदलने का काम किया। उन्होंने छात्राओं को महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी शासन की योजनाएं गिनाईं। इस दौरान महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़, प्रधानाचार्या प्रियंका गुप्ता, पं. दीन दयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी पल्लवी सिंह, एसडीएम न्यायिक हर्षिता देवड़ा, नायब तहसीलदार गरिमा सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।