टूंडला। रामलीला मैदान प्रांगण में बुधवार को स्थित बीआरसी भवन पर आयोजित प्रेरणा ज्ञानोत्सव अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गया। जहां कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंस की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। वहीं दूसरी तरफ 90 प्रतिशत लोग मास्क नहीं पहने थे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक प्रेमपाल धनगर पहुंचे थे।
रामलीला मैदान प्रांगण में बुधवार को प्रेरणा ज्ञानोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों को सम्मानित करने के साथ ही शिक्षकों को बच्चों को 11 माह बाद स्कूल आने पर किस प्रकार से पढ़ाना है के बारे में जानकारी दी जानी थी। जहां सभी के लिए कुर्सियों को पास-पास डाला गया। जिससे सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ गईं। इसके बाद भी लोगों को कुर्सियों की कमी के कारण पीछे धूप में खड़ा रहना पड़ा। कार्यक्रम में पहुंचे 90 प्रतिशत लोग मास्क भी नहीं लगाए हुए थे। इस दौरान एबीएसए विनोद पांडेय, सीडीपीओ ममता सिंह, सीएचसी अधीक्षक डा. संजीव वर्मा, हरेन्द्र यादव, तरुण शर्मा आदि मौजूद रहे।
प्रोत्साहन के लिए लगाया प्रोजेक्टर नहीं चला
शासन के पीपीटी कार्यक्रम को दिखाने के लिए प्रोजेक्टर लगाया गया था। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों को दिखाने एवं बच्चों को प्रेरणा दी जानी थी, परंतु पूरे समय तक प्रोजेक्टर चला ही नहीं। बार-बार प्रयास करने के बावजूद प्रोजेक्टर ने काम नहीं किया।
माइक खराब होने पर भड़के एबीआरसी
कार्यक्रम के अतिथि भाजपा विधायक प्रेमपाल धनगर ने जब बोलना शुरू किया तो उनका माइक ही खराब हो गया। कार्यक्रम में अव्यवस्थाएं होने पर खंड शिक्षाधिकारी विनोद पांडेय ने आयोजकों को जमकर फटकार लगायी।
इन बच्चों को किया गया पुरस्कृत
प्राथमिक विद्यालय जाजपुर के कक्षा-पांच की छात्रा निशा, कक्षा-चार की महक, कक्षा-दो के मयंक व भावना को विषयक जानकारी के लिए पुरस्कृत किया गया। प्राथमिक विद्यालय गदलपुर में कक्षा-चार के नेकराम, प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट विद्यालय टूंडला, अंश जैन, अलीना प्राथमिक विद्यालय केशोराय की कुमारी नेहा, प्राथमिक विद्यालय आनंदपुर की अक्षरा, प्रावि नगला सदा की निकिता, जारखी की प्राची, गढ़ी जोरी की शिखा, कंपोजिट विद्यालय भोड़ेला के प्रिंस, आरव को प्रेरक छात्र-छात्राओं के रूप में पुरस्कृत किया गया।