कासगंज। बेहतर काम करने वाली ग्राम पंचायतों को रोल मॉडल बनाने की दिशा में जिला पंचायत राज विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान की वार्षिक कार्य योजना के तहत 18 सदस्यीय दल 14 जनवरी को रामपुर के लिए रवाना होगा।
जिला समन्वयक विजय शर्मा ने बताया कि 14 व 15 जनवरी को 18 सदस्यीय दल दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट पर रहेगा। इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन के डीसी, डीपीएम, पंचायत प्रतिनिधि और कर्मचारी रामपुर की उन ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे जहां स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतों ने उत्कृष्ट कार्य किए हैं। यहां पर क्रियाशील प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, गोवर्धन प्लांट, आरआरसी सेंटर सहित अन्य कार्यों के मॉडल को देखेंगे। वहां के अच्छे कार्यों से सीख लेकर कासगंज की ग्राम पंचायतों को भी मॉडल के रूप में विकसित करेंगे। क्रॉस लर्निंग से पंचायतों में बेहतर काम को बढ़ावा मिलेगा और अधिक से अधिक ग्राम पंचायतें रोल मॉडल बन सकेंगी। इस एक्सपोजर विजिट में कासगंज जिले से कुल 18 चयनित प्रतिभागी शामिल होंगे।