मुख्यमंत्री करेंगे जन्मभूमि में दर्शन
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर मथुरा आ रहे हैं। संभावना है कि 19 अगस्त को मुख्यमंत्री पहले वृंदावन स्थित टीएफसी में आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। इसमें संबोधन और कुछ योजनाओं का लोकार्पण होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन के लिए पहुंचेंगे।
खास बातें
- 19 स्थानों पर बनेंगे शहर में सेल्फी प्वाइंट।
- मथुरा-वृंदावन के 16 एंट्री प्वाइंट, चौराहा और मार्गों पर कपड़े से सजावट।
- 16 स्थानों पर लोक संस्कृति के प्रदर्शन के लिए बनेंगे छोटे मंच।
- 16 स्थानों में घाट और चौराहों पर होगी बिजली की झिलमिलाहट।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद मथुरा के डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के दौरान मथुरा के सभी तीर्थस्थलों को पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाने की योजना पर काम हो रहा है। 18 से 20 अगस्त तक विभिन्न आयोजनों की रूपरेखा तैयार की गई है। इसमें ब्रज संस्कृति का प्रदर्शन, मथुरा-वृंदावन की भव्य सजावट, आसपास के कलाकारों की लोक संस्कृति का प्रदर्शन और शहर के एंट्री प्वाइंट और मार्गों को सुंदर स्वरूप दिया जाना है।