कासगंज। पंचायत चुनाव को शांतिर्पूण ढंग से संपन्न कराने में जुटे प्रशासन ने जिले को सेक्टर और जोन में विभाजित कर दिया है। जिले में कुल 17 जोन और 87 सेक्टर बनाए गए हैं। यहां मजिस्ट्रेटों को तैनाती दे दी गई है। डीएम ने सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने मतदान केंद्र और स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही रिपोर्ट भी मांगी है।
जिले में पंचायत चुनाव की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाने में प्रशासन की टीमें जुटी हुई हैं। डीएम सीपी सिंह ने अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए संबंधित प्रभारी अधिकारी नामित कर दिए हैं। सेक्टर, जोनल बनाए गए हैं। सेक्टर और जोनल व्यवस्था के प्रभारी अधिकारी अपर जिलाधिकारी अजय श्रीवास्तव बनाए गए हैं। इस व्यवस्था के सहायक जिला पूर्ति अधिकारी बनाए गए हैं। प्रतिदिन जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर अपर जिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। संवेदनशील, अति संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्र और स्थलों पर विशेष निगरानी करने के निर्देश जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को दिए गए हैं।