मैनपुरी। जिले में तीसरे चरण में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। इसके लिए 25 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। शनिवार को कलक्ट्रेट पर नामांकन कक्षों के बाहर बोर्ड लगाने के साथ ही अन्य कार्य कराए गए।
मैनपुरी में कुल चार विधानसभा सीटें हैं। सभी सीटों के लिए अलग-अलग कलक्ट्रेट में चार नामांकन कक्ष बनाए गए हैं। शनिवार को सभी कक्षों के बाहर बोर्ड लगवाए गए। इनके माध्यम से प्रत्याशियों को जानकारी मिल सकेगी कि कौन से कक्ष में कौन से विधानसभा क्षेत्र के नामांकन हो रहे हैं।
इसके साथ ही नामांकन कक्षों में कंप्यूटर स्थापित कराने के साथ ही इंटरनेट की भी व्यवस्था कराई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने तैयारियों का जायजा भी लिया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम रामजी मिश्र का कहना है कि सभी नामांकन कक्षों में नामांकन संबंधी तैयारी पूरी कराई जा रही है। नामांकन कक्ष के बाहर संबंधित विधानसभा क्षेत्र के बोर्ड पर पूरी सूचना उपलब्ध रहेगी।