दिल्ली गेट स्थित रवि हास्पिटल में शुक्रवार को डिलीवरी के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक के इलाज में लापरवाही से मौत का आरोप लगाया। इसके बाद हंगामा किया। हास्पिटल आईएमए के निर्वाचित अध्यक्ष डा. रविंद्र मोहन पचौरी का है। पुलिस का कहना है कि सीएमओ को जांच के लिए पत्र भेजा जाएगा।
इटावा के गांव माणिकपुर विशू निवासी सतीश चंद्र किसान हैं। उनकी पत्नी विनीता देवी (43) आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं। सतीश के रिश्तेदार अवनीश ने बताया कि उनके संतान नहीं हो रही थी। परिजनों ने बताया कि उन्होंने एक साल पहले दिल्ली गेट स्थित रवि हास्पिटल की चिकित्सक रजनी पचौरी से संपर्क किया था।
इस पर उन्होंने आईवीएफ पद्धति से इलाज के बाद बच्चे पैदा होने का आश्वासन दिया। इसके लिए आठ लाख रुपये तय हुए। सतीश चंद्र इलाज के लिए राजी हो गए। डा. रजनी पचौरी ने इलाज शुरू कर दिया। गुरुवार को पेट में दर्द हुआ। शुक्रवार को चिकित्सक ने फोन करके उन्हें विनीता को भर्ती करने के लिए कहा।