संदिग्ध परिस्थतियों में मौत (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
थाना जसराना क्षेत्र के गांव नगला शादी में पीआरडी जवान के पुत्र की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। युवक के पिता ने पुत्रवधू पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है।
थाना जसराना के गांव नगला शादी निवासी रामनरेश पीआरडी में तैनात हैं। वर्तमान में उसकी तैनाती थाना जसराना में हैं। बृहस्पतिवार देर शाम उसके पुत्र रवी कुमार ( 30 ) की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर थाना जसराना से पुलिस फोर्स गांव में पहुंचा और परिजनों से पूछताछ की।
इस दौरान रामनरेश ने रवी की पत्नी पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं कोतवाल फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने कहा युवक ने विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था। उपचार के दौरान मौत हुई है। जो आरोप लगाए गए हैं, उसकी जांच की जा रही है।