फिरोजाबाद/खैरगढ़। पीआरबी चालक ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। खैरगढ़ पुलिस ने आरोपी चालक (सिपाही) और पीड़ित महिला के पति के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि महिला का पति फरार है। महिला का मेडिकल जिला अस्पताल में कराया गया।
खैरगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला का आरोप है कि उसका पति और पीआरबी पर तैनात चालक मनोज का दोस्ताना था। चालक मनोज का उसके पति के घर आना जाना था। रविवार को महिला के पति ने कहा कि तुमको मायके छोड़ आए। पति ने पीआरबी पर तैनात चालक मनोज को कार लेकर बुला लिया। महिला अपने पति और चालक मनोज के साथ कार से मायके के लिए चल दी।
एसएसपी अशोक कुमार शुक्ल ने बताया कि नगला भवानी के समीप सुनसान स्थान पर चालक (सिपाही) मनोज ने कार रोक दी। उसका पति कार से उतरकर फरार हो गया। इस दौरान कार में चालक मनोज ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला की तहरीर पर पति और चालक मनोज के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पीआरबी चालक मनोज को गिरफ्तार कर निलंबित कर दिया गया है जबकि महिला के पति की गिरफ्तारी को प्रयास किए जा रहे है। महिला का मेडिकल कराया गया है।
ड्यूटी करने के बाद दिया घटना को अंजाम
एसएसपी अशोक कुमार ने बताया कि चालक मनोज की ड्यूटी पीआरबी पर 26 जून की रात आठ बजे से 27 जून की सुबह आठ बजे तक थी। ड्यूटी समाप्त करने के बाद मनोज कार से महिला और उसके पति के साथ जा रहा था। तभी रास्ते में आरोपी पीआरबी चालक ने पति की सहमति से महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।