प्रमुख चौराहों पर तैनात रहे पुलिस फोर्स के जवान
- फोटो : अमर उजाला
जुमा की नमाज को लेकर पुलिस व प्रशासन शहर में अलर्ट पर रहा। शहर की मिश्रित आबादी में पुलिस फोर्स तैनात रही। इसके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सचिंद्र पटेल थाना रसूलपुर पर कैंप किए रहे। नमाज के बाद लोग घरों को रवाना हो गए। इस दौरान नमाजियों ने शहर में अमन-चैन की दुआ की।
नमाज शुरू होने से पूर्व ही सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद के साथ शहर के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस फोर्स को तैनात कर दी गई थी। जामा मस्जिद पर एसएचओ उत्तर केडी शर्मा, सचिन सिंह के साथ थाने का फोर्स तैनात रहा। नगला बरी, जाटवपुरी, नैनी ग्लास चौराहा के साथ चौकी गेट, इमामबाड़ा चौराहा, कोटला मोहल्ला, राज पुताना चौराहा, उर्वशी तिराहा के साथ नालबंद चौराहे पर भी पुलिस एवं पीएसी के जवान मुस्तैद दिखाई दिए।
सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद में नमाज को असद अली शम्शी ने अदा कराई। नमाज के बाद नमाजी सुहागनगरी में अमन चैन की अल्लाह ताला से दुआ करते दिखाई दिए। इस दौरान ईदगाह कमेटी के सचिव इसरार अहमद,सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष हिकमत उल्ला खां, महबूब अजीज,असलम भोला, आसिम खान आदि मौजूद थे।
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह, सीओ सिटी डॉ. अरुण कुमार सिंह, एसएचओ दक्षिण प्रमोद कुमार मलिक एवं एसएसआई मोहम्मद उमर फारुक मौके पर रहे। एसओ फरिहा सुनील कुमार, यातायात प्रभारी नीरज मिश्रा व एसएचओ रसूलपुर फतेह बहादुर सिंह भदौरिया फोर्स के साथ नालबंद चौराहे पर तैनात थे।
एसएसपी सचिंद्र पटेल, एसपी देहात राजेश कुमार सिंह एवं आगरा से आए एसपी ने थाना रसूलपुर में कैंप किया था। वह इस दौरान प्रत्येक मस्जिद पर नमाज होने की रिपोर्ट ले रहे थे।
शहर मुफ्ती को याद कर रो पड़े कई नमाजी
सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद के 1973 से इमाम एवं शहर मुफ्ती अब्दुल अलीम ईसा का पिछले दिनों इंतकाल हो गया था। शहर मुफ्ती के इंतकाल के बाद पहले जुमा पर जामा मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचे कई नमाजी रो पड़े। उनका मस्जिद में नमाज पढ़ाने के साथ ही यहां आने वाले हर व्यक्ति से काफी लगाव था। नमाज के बाद वे सभी से मिलने के साथ हाल-चाल तक पूछते थे।