फतेहाबाद। क्षेत्र के वाजिदपुर में 33 केवी लाइन के लंबे स्पेन के बीच नए पोल लगाने का कार्य बृहस्पतिवार को किया जाएगा। इस कारण 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मुरावल से जुड़े करीब 15 गांवों की बिजली आपूर्ति सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक बाधित रहेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
एसडीओ फतेहाबाद गौरव राजपूत ने बताया कि विद्युत लाइनों के सुदृढ़ीकरण और तकनीकी सुधार के लिए विभाग द्वारा लगातार मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को वाजिदपुर के पास लाइन के झूलते तारों और लंबे स्पेन की समस्या को दूर करने के लिए अतिरिक्त पोल लगाए जाएंगे। मुरावल उपकेंद्र से पोषित लगभग 15 गांवों के उपभोक्ताओं को इस कटौती का सामना करना पड़ेगा। गर्मी के मौसम में 5 घंटे तक बिजली न रहने से पेयजल और अन्य घरेलू कार्यों में ग्रामीणों को परेशानी हो सकती है।