किशनी। कस्बा में बृहस्पतिवार को नौ घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही। वोल्टेज अधिक होने के चलते आपूर्ति नहीं दी जा रही है। इसके चलते दिन भर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आमतौर पर कस्बे में सुबह पांच बजे बिजली की आपूर्ति बंद कर दी जाती है। लगभग दो घंटे की रोस्टिंग के बाद सात बजे आपूर्ति शुरू होती है। बृहस्पतिवार को सुबह पांच बजे बिजली चली जाने के बाद नहीं आई। लोगों ने जब उप केंद्र पर फोन कर जानकारी की तो पता चला कि बिजली आपूर्ति वोल्टेज अधिक होने के कारण बंद की गई है। अगर आपूर्ति चालू कर दी जाती है तो घरेलू उपकरण खराब हो सकते हैं। दिन में काफी देर इंतजार के बाद भी इस समस्या का समाधान नहीं हो सका। लगभग नौ घंटे बाद दोपहर दो बजे बिजली आपूर्ति चालू की जा सकी।