फिरोजाबाद के जसराना में एक तरफ पारा 44 पार है तो दूसरी तरफ बिजली की आंख मिचौली के चलते ग्रामीणों का धैर्य रविवार को जवाब दे गया। आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोग एकत्रित होकर पाढ़म बिजलीघर पर पहुंच गए। इस दौरान जमकर हंगामा करते हुए बिजली घर पर तालाबंदी कर दी। बाद में पहुंचे जेई एवं एसडीओ ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए।
पूरे दिन में मात्र दो से तीन घंटे आपूर्ति मिलने से नाराज नगला धीर, नगला घुडिया, नगला किशन सिंह, नगला गोकुल, नगला अचल, सुरैला, निजामपुर, मोगरा आदि गांवों के लोग एकत्रित होकर पाढ़म बिजलीघर पर रविवार को पहुंच गए। जहां जेई के नहीं मिलने पर उन्होंने जमकर हंगामा किया। इस दौरान ग्रामीणों का कहना था कि भीषण गर्मी में बिजली नहीं मिल रही है। जिसके कारण घरों में रहना मुश्किल हो रहा है। फसलें सूख रही हैं। फसलों के सूखने से किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। अधिकारियों के नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए बिजलीघर पर ताला जड़ दिया। ताला जड़ने की जानकारी मिलने पर जेई मुकुल दुबे एवं एसडीओ उपेंद्र राज पहुंचे और ग्रामीणों से बात की। इस दौरान उनको समझा बुझाकर ताला खुलवाने के साथ उन्हें वापस कर दिया। इस दौरान शिव सिंह, शिवराम, शिवप्रताप, शिवकुमार, लाल सिंह, मटरू, अंकित, आशीष चौहान, अनिल कुमार, ओमप्रकाश, पवन, राजेश, अखिलेश, खचेर सिंह, सीटू, छोटे, गजेंद्र सिंह आदि ने विद्युत अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए।