मथुरा। ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा ने कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक लेते हुए निर्देश दिए कि प्रवासी मजदूरों की कार्य क्षमता को परख कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराए जाए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत बाहर से आए हुए मजदूरों को भी उनके कार्य क्षमता के अनुसार कार्य उपलब्ध कराया जाए। अन्य कार्यों में भी उनकी सहभागिता को बढ़ाया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जो प्रवासी मजदूर बाहर के जनपद से आ रहे हैं, उनके साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए। लॉकडाउन के मानकों के अनुसार उनकी थर्मल स्कैनिंग, एवं अन्य सैंपलिंग के साथ भोजन व पानी की व्यवस्था कराई जाए। ऊर्जामंत्री ने कहा कि बाहर से आने वाले मजदूर भी अपने परिवार के सदस्य हैं, उनके साथ किसी प्रकार का भेदभाव न किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी के राशनकार्ड बनाए जाएं और जिन लोगों के राशन नहीं बन पाए हैं, उन्हें कच्चा राशन वितरण किया जाए। जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में 14360 नए राशन कार्ड वितरित कराए गए हैं। मंत्री ने निर्देश दिए कि कोविड-19 के दृष्टिगत प्रत्येक आइसोलेशन एवं क्वांरटीन सेंटरों में विशेष सफाई व्यवस्था की जाए। बैठक में जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, नगर आयुक्त रविंद्र कुमार मांदढ़, मुख्य विकास अधिकारी नितिन गौड़ आदि मौजूद थे।