आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के लिए हाईटेंशन लाइनों को शिफ्ट करने का काम शनिवार से शुरू हो गया। एक तो तापमान 45 डिग्री के पार, उस पर दिनभर बार-बार कई घंटों की कटौती ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह 6:23 बजे 220 केवी शमसाबाद रोड और 132 केवी फतेहाबाद सबस्टेशन पर शट डाउन लिया गया जो रात 12 बजे तक जारी रहा। इससे 400 केवी पीलीपोखर और 220 केवी सिकंदरा सब स्टेशन पहले ही दिन ओवरलोड हो गए। 26 मई तक लाइन शिफ्टिंग के लिए शट डाउन जारी रहेगा।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के लिए बिजली की हाईटेंशन लाइनों को शिफ्ट करने का काम शनिवार सुबह से शुरू हो गया, जो मंगलवार रात तक चलेेगा। इसके लिए 400 केवी पीलीपोखर से 220 केवी शमसाबाद रोड और 132 केवी फतेहाबाद सब स्टेशन से आपूर्ति पूरी तरह से रोक दी गई। गर्मी में पहले से हांफ रहे 132 केवी ताज, फाउंड्री नगर और भीमनगरी सब स्टेशनों पर ओवरलोडिंग हो गई। 400 केवी पीलीपोखर पर आगरा ही नहीं, बल्कि मथुरा, हाथरस का भी लोड है। इस दौरान हाथरस का लोड मितई सब स्टेशन पर शिफ्ट किया गया, जबकि 132 केवी फतेहाबाद का लोड फीरोजाबाद को शिफ्ट किया गया। 132 केवी बोदला, कैंट और मलपुरा पहले से ही ओवरलोड थे। 220 केवी से 132 केवी बोदला को मिल रही 100 एमवीए आपूर्ति भी प्रभावित है।
इससे 400 केवी पीलीपोखर सब स्टेशन पर लोड और बढ़ गया है। दोनों सब स्टेशनों से पोषित 33 केवी सब स्टेशनों को सिकंदरा और बोदला के साथ पीलीपोखर से जोड़ा है। सिकंदरा 220 केवी पर 100 एमवीए का लोड बढ़ा है। इस वजह से कुछ घंटों की कटौती कर 33 केवी सब स्टेशनों को आपूर्ति दी जा रही है।
‘शनिवार से शटडाउन लिया गया। 220 केवी शमसाबाद सब स्टेशन पर 63×2 एमवीए ट्रांसफार्मरों से आपूर्ति रुकी है। तीन दिन से लाइन शिफ्टिंग का प्रयास किया जा रहा है। उपभोक्ताओं को परेशानी न हो, इसलिए हाथरस, फतेहाबाद का लोड शिफ्ट किया है।’
अनिल कुमार
अधीक्षण अभियंता
यूपी पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन
बिजली संकट पर चीफ इंजीनियर से मिले किसान
आंधी के बाद से ध्वस्त पड़ी बिजली व्यवस्था पर आक्रोश जताते हुए भारतीय किसान संघ के बैनर तले किसानों ने गैलाना रोड स्थित दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के चीफ इंजीनियर अतुल निगम से मुलाकात की। किरावली, अछनेरा, फतेहपुर सीकरी के किसानों के साथ पहुंचे मोहन सिंह चाहर, जयसिंह प्रधान, रामवीर चाहर ने कहा कि दर्जनों गांव में पांच दिन से बिजली नहीं है। खंभे टूट पड़े हैं। ताराें को जोड़ा नहीं जा रहा। उन्होंने कहा कि मोबरा, हसेला, तुरकिया, झारौठी, सूरौठी, ब्यारा, मांगरौल, जाट खानपुर, निठारी, दौलताबाद, इटौरा, भांडई, ककुआ में अब तक बिजली गुल है।
नहीं लगेगा शंट कैपेसिटर चार्ज
आगरा। खरीफ गोष्ठी में कमिश्नर से उपभोक्ताओं ने शंट कैपेसिटर चार्ज लगाने की शिकायत की है। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम की तरफ से बताया गया कि शंट कैपेसिटर चार्ज खत्म किया जाएगा। अधीक्षण अभियंता राजीव जैन ने बताया कि शंट कैपेसिटर उनके कनेक्शनों पर स्थापित है, इसलिए जिनके बिलों में यह चार्ज लगा है, वह चार्ज खत्म कराने के लिए संबंधित एसडीओ या अधिशासी अभियंता से संपर्क कर अपने आवेदन दे सकते हैं।