गंजडुंडवारा। नगर से बदायूं जाने वाले मार्ग पर ओम नगरिया चौराहे पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। मलवे से नाला चोक होने के कारण मार्ग पर दोनों ओर जलभराव रहता है। जलभराव के कारण वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लगता है। गड्ढों में गिरकर साइकिल और बाइक सवार आए दिन घायल हो रहे हैं। बदायूं मार्ग पर ओम नगरिया चौराहे से होकर 10 हजार वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं। सड़क को क्षतिग्रस्त हुए पांच माह से अधिक समय बीत चुके हैं, लेकिन सड़क को गड्ढा मुक्त करने के लिए कोई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि आगे नहीं आया है।
- सड़क पर जलभराव होने के कारण यह नहीं पता चलता है कि गड्ढा कहां है और कितना गहरा है। अक्सर बाइक सवार और साइकिल सवार गिर कर चोटिल होते हैं। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। - गुड्डू शाक्य
- विभाग ने सड़क क्षतिग्रस्त होने का कोई साइनबोर्ड भी नहीं लगाया है। ताकि लोगों को पता चले कि सड़क में गड्ढे हैं और वह सावधानी से चलें। बड़ी दुर्घटना से बचना है तो जल्द ही सड़क के गड्ढों को भरने का कार्य होना चाहिए।- नरेश बघेल
मार्ग से पानी की निकासी कराने के बाद मार्ग को ठीक कराया जाएगा। 200 मीटर मार्ग पर सीसी निर्माण होगा। ताकि पुन: जलभराव होने पर मार्ग क्षतिग्रस्त न हो। परवेज, अभियंता, पीडब्लूडी