मृतक किसान का फाइल फोटो और मौके पर जाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस दबिश से आहत किसान ने आत्महत्या कर ली। ये जानकारी जब आसपास के किसानों को हुई तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। व्यापारी का शव बुधवार सुबह ग्रामीणों ने लटका देखा तो परिवार के लोगों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने ग्रामीणों संग थाना खंदौली पहुंच कर पुलिस के खिलाफ हंगामा कर थाने का घेराव किया।
इस दौरान महिलाएं थाने के गेट पर धरना देकर बैठ गईं। चंदौसी पुलिस के खिलाफ मामला दर्ज कराने की मांग करने लगीं। मौके पर पहुंचीं सीओ एत्मादपुर ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने चंदौसी के आलू व्यापारी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार थाना खंदौली खेरिया निवासी चरन सिंह पुत्र तुलाराम आलू का व्यापार करते थे। जुलाई महीने में चरन सिंह ने भोला गंज चंदौसी संभल निवासी रियासत हुसैन पुत्र शौकत हुसैन से एक गाड़ी आलू खरीदा था। कई बार तगादे के बाद भी पैसा नहीं देने पर रियासत हुसैन ने चंदौसी थाने मे चरन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया था।