मैनपुरी। शीतगृहों में आलू का भंडारण शुरू होने से भाव बढ़ने लगे हैं। दस दिन में आलू का भाव पांच रुपये प्रति किलो बढ़ा है। जिले में इस बार भी आलू की बंपर पैदावार हुई है। करीब पांच लाख मीट्रिक टन आलू की पैदावार का अनुमान है।
आलू जिले की प्रमुख फसल है। करीब 22 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में किसान आलू की पैदावार करते हैं। इस वर्ष भी जिले में आलू की बंपर पैदावार हुई है। उद्यान विभाग के अनुसार करीब पांच लाख मीट्रिक टन आलू का उत्पादन होने की संभावना जिले में है। जिले के अधिकांश शीतगृहों में भंडारण शुरू हो गया है। इससे बाजार में आलू के दाम बढ़ने लगे हैं। दस दिन पहले जिले की फुटकर मंडियों में आलू दस रुपये किलो बिक रहा था। मौजूदा समय में आलू का भाव पांच रुपये बढ़कर 15 रुपये किलो हो गया है।
होली पर और महंगा हो सकता है आलू
आलू व्यापारियों का कहना है कि होली पर आलू का भाव और बढ़ सकता है। क्यों कि अभी जिले के सभी शीतगृहों में भंडारण शुरू नहीं हुआ है। होली पर सभी शीतगृहों में भंडारण शुरू हो जाता है। वहीं त्योहारी सीजन में पापड़ आदि के लिए आलू की मांग बढ़ जाती है।
शीतगृहों में आलू का भंडारण शुरू हो गया है। इससे फुटकर बाजार में रेट में तेजी आई है। होली तक आलू का भाव और बढ़ने की संभावना है।
-पियूष चंदेल, शीतगृह संचालक।
जिले में इस बार आलू की बंपर पैदावार हुई है। शीतगृहों में भंडारण शुरू होने से मंडी में आलू कम पहुंच रहा है। इससे भाव बढ़ा है।
-रविंद्र कुमार, सब्जी विक्रेता।
मैनपुरी का किसान बड़ी मात्रा में आलू की पैदावार करता है। आलू का भाव जितना बढ़ेगा, किसान को उतना ही फायदा होगा।
-जयचंद्र यादव, सीतापुर।
-आलू के भाव में उतार चढ़ाव वर्ष भर रहता है। पिछले कुछ दिनों में भाव बढ़ा है। अभी आलू का भंडारण करूंगा।
-बलवीर सिंह, नगला अमर सिंह।