भोगांव। गांव छाछा के पोस्टमैन को पीटने के बाद आरोपी थैला छीन ले गए। इसके अलावा दो अन्य जगह भी लोगों को पीटा गया। पीड़ितों ने थाने में शिकायत की है।
पोस्टमैन अनोखे लाल ने थाने में तहरीर देकर बताया कि शनिवार को वह डाक बांटने के लिए गांव जा रहे थे। तभी रास्ते में रंजिश मान रहे
रतीराम ने उसे रोक लिया और गालियां देने लगा। रती राम ने पुत्र नन्हें, बन्ने और नाती सूरज को भी बुला लिया। सभी ने मिलकर उसे पीटा। वह भागकर एक घर में घुस गया तो आरोपी अंदर आ गए। पीटने के बाद उसका थैला छीन लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। नगला पति निवासी उमेश चंद्र ने थाने में तहरीर दी है। इसमें कहा है कि पत्नी मीना देवी करीब एक वर्ष से मायके में रह रही है।
जब वह पत्नी को बुलाने कन्नौज गया तो साले ने भेजने से मना कर दिया था। पांच सितंबर को साला पास के एक गांव में आया था। जब वह उससे मिलने गया तो उसे पीटकर घायल कर दिया। उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। गांव विनोदपुर में एक वृद्धा को गांव के नामजद लोगों ने पीटकर घायल कर दिया।
वृद्धा लौंगश्री के नाती नीलेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा है कि शुक्रवार को गांव के रहने वाले सुरेश, कमलेश, रेखा देवी, रेशमा देवी घर में घुस आए। दादी से जमीन जायदाद उनके नाम किए जाने की बात कहने लगे। जब दादी ने मना किया तो पीटकर घायल कर दिया। आरोपियों ने उसे भी फोन पर धमकी दी है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।