मैनपुरी। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में एसडीएम और सीओ के साथ बैठक की। डीएम ने कहा जिन गांवों में विवाद की आशंका हो। शरारतीतत्वों, गुंडा प्रवृत्ति के लोगों को 107/16 में पाबंद करके उनकी कोर्ट में पेशी कराएं। प्रत्याशियों से आदर्श आचार संहिता का पालन कराया जाए।
डीएम ने कहा जो उम्मीदवार आचार संहिता का पालन न करे उसके खिलाफ कार्रवाई करें। प्रचार सामग्री पर प्रकाशक, मुद्रक, प्रिंटिंग प्रेस का नाम, संख्या जरूर अंकित हो। ऐसा नहीं होनेे पर प्रत्याशी सहित प्रिंटिंग प्रेस संचालक के खिलाफ कार्रवाई करें। प्रिंटिंग प्रेस, शस्त्र, शराब की दुकानों का निरीक्षण करें। अवैध शराब के लिए प्रचलित ग्रामों में लगातार सघन चेकिंग कराएं। पंचायत चुनाव में अवैध शराब, अवैध धनराशि के प्रचलन को रोका जाए।
एसडीएम, सीओ, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट बूथों का भ्रमण कर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। मतदान केंद्र के 200 मीटर के बाहर प्रत्याशियों बस्ते लगाने की जगह तय करें। एसपी अविनाश पांडेय ने कहा उम्मीदवारों को चेतावनी दें मतदान प्रक्रिया में विघ्न डाला तो जेल जाएंगे।
जहां पूर्व में विवाद अथवा घटना हुई हो वहां ग्रामीणों के साथ बैठक करें। बिना अनुमति के जुलूस, सोशल मीडिया पर प्रचार पर कार्रवाई करें। एडीएम बी राम, एएसपी मधुबन कुमार सिंह, सीएमओ एके पांडेय, एसडीएम ऋषिराज, रतन वर्मा, सुधीर कुमार, रामसकल मौर्य, अनिल कटियार, मानसिंह पुंडीर, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीके मिश्रा, सीओ अभय नरायन राय, अमर बहादुर सिंह, अशोक कुमार, आलोक कुमार अग्रहरि मौजूद रहे।