बाह: धोबई गांव में पहली बारिश में जलमग्न हुई गलियां, घरों में भरा पानी
बाह। धोबई गांव में बुधवार को हुई पहली बारिश में ही उफने तालाब के पानी से गलियां जलमग्न हो गई। घरों में पानी भर गया। तालाब के पास की बस्ती में पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है। तालाब की सफाई भी नहीं हुई है।
धोबई के रामेश्वर ने एसडीएम बाह विनोद कुमार से तालाब की सफाई और पानी निकासी का प्रबंध किए जाने की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि तालाब की सफाई नहीं हुई है। पानी निकासी का भी प्रबंध नहीं है। उनके घर में घुटनों तक पानी भर गया है। खाना बनाने तक को जगह नहीं बची है। घरेलू सामान भी पानी में डूबने से नष्ट हो गया है। बस्ती के घरों और पशुओं के बाड़ों में पानी भरने से मुसीबत बढ़ गई है। बारिश के दौरान ग्रामीण अपने घरों में कैद हो गए थे। प्रधान वीरेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को जल्द ही पानी की निकासी कराने का आश्वासन दिया है।