आगरा के अछनेरा में न्यू दक्षिण बाईपास पर बाइक से गिरकर फौजी मनीष की पत्नी पिंकी उर्फ प्रेमलता की मौत हुई थी। इस मामले में लूट की कोशिश और गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस की विवेचना में मामला हादसे में मौत का निकला। ससुराल पक्ष ने बहू की मौत पर साजिश की आशंका जाहिर की। इस मामले में एसएसपी से शिकायत की। अब मौत का सच जाने के लिए मृतक महिला के चचेरे भाई और अन्य का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाएगा।
बाइक से गिरकर पिंकी की मौत हो गई थी
घटना चार जुलाई की है। इरादतनगर स्थित गांव बासदान सहाय निवासी ओमप्रकाश के बेटे मनीष की शादी फरह स्थित गांव शहजादपुर निवासी पिंकी उर्फ प्रेमलता (22) के साथ हुई थी। घटना वाले दिन पिंकी को मायके ले जाने के लिए उसका चचेरा भाई राजू आया था। न्यू दक्षिणी बाईपास पर थाना अछनेरा के गांव कीठम के पास बाइक से गिरकर पिंकी की मौत हो गई थी।
पुलिस की जांच में मामला हादसे का निकला
ओमप्रकाश के मुताबिक, राजू ने बताया कि वह टोल प्लाजा पार करके आगे चला था कि पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने पिंकी के गले पर झपट्टा मारकर जेवरात लूटने की कोशिश की। खींचतान में पिंकी बाइक से गिर गई, जिससे हादसे में पिंकी की मौत हो गई। राजू का कहना था कि बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट और पीछे बैठे बदमाश ने मास्क पहना था। पुलिस की जांच में मामला हादसे का निकला। सीओ अछनेरा महेश कुमार के मुताबिक, हादसे में गिरने से पिंकी की मौत होने की पुष्टि हुई। चचेरे भाई ने भी पुलिस को दिए बयान में यह बात कबूल की।
सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को चेक किया जाए
ओमप्रकाश का आरोप है कि पुत्रवधू के साथ साजिश की गई है। एसएसपी मुनिराज जी ने मुकदमे के वादी और विवेचक को तलब किया। ओमप्रकाश का कहना था कि पुत्रवधू के पास 12 तोला सोने के जेवरात थे, जो नहीं मिले हैं। जहां हादसा हुआ, वहां के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को चेक किया जाए। पुलिस ने जिन संदिग्धों को पकड़ा, उनका भी पालीग्राफ टेस्ट कराया जाए। पिंकी के सिर में चोट लगी। सिर में घाव भारी वस्तु से प्रहार का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के अगले हिस्से में चोट आई। एसएसपी ने बताया कि मृतका के चचेरे भाई राजू सहित अन्य का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने का फैसला लिया गया है।
ये भी पढ़ें...
आगरा: ढाई साल पहले कपड़ा व्यापारी की मौत कैसे हुई, परिवार के पॉलीग्राफ टेस्ट से खुलेगा राज ?