दिसंबर में बारिश और सर्दी के बीच ताजनगरी की हवा की गुणवत्ता बेहतर रही थी, लेकिन नए साल में सोमवार को शहर में प्रदूषण स्तर खतरनाक हो गया। पहली बार सीजन में बेहद सूक्ष्म धूल कण पर्टिकुलेट मैटर 2.5 माइक्रोग्राम 500 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर के पार पहुंच गए। यही नहीं, कार्बन मोनोक्साइड की मात्रा भी सामान्य से 49 गुना तक हो गई।
सोमवार को आगरा का एयर क्वालिटी इंडेक्स 324 दर्ज किया गया। यह इस सीजन में सबसे ज्यादा है। हैरतअंगेज पहलू ये रहा कि प्रदूषण के पांचों तत्व सोमवार को अधिकतम स्तर तक पहुंच गए। मोनोक्साइड सामान्य से 49 गुना थे तो नाइट्रोजन डाइक्साइड भी तीन गुना रही।
पीएम (पर्टिकुलेट मैटर) 2.5 कणों की मात्रा 500 के पार पहुंच गई। यह अधिकतम स्तर है। दिन में धूल कणों की मात्रा सबसे ज्यादा रही। संजय प्लेस के साथ ही ताजमहल, नुनिहाई, रामबाग, आवास विकास कालोनी में भी धूल कणों और प्रदूषण का यही खतरनाक स्तर रहा।