भोगांव (मैनपुरी)। तहसील अभिभाषक परिषद के वार्षिक चुनाव में राजेश पांडेय अध्यक्ष और मुकुट बिहारी वर्मा महासचिव चुने गए हैं। अनिल कुमार सक्सेना ने कोषाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। परिणाम घोषित होने के बाद पदाधिकारियों का समर्थकों ने फूलमालाओं से स्वागत किया।
तहसील अभिभाषक परिषद का चुनाव सोमवार सुबह 10 बजे शुरू हुआ। तीन बजे तक 79 मतदाताओं में से 77 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। तीन बजे के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिया गया। अध्यक्ष पद पर राजेश पांडेय को 54 और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजबहादुर सिंह चौहान को 21 मत मिले। महासचिव पद पर मुकुट बिहारी वर्मा ने राजेश कुमार यादव को सात मतों से हराया।
मुकुट बिहारी को 41 और राजेश कुमार यादव को 34 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर अनिल कुमार सक्सेना को 47, ब्रजेंद्र कुमार को 30 मत मिले। मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा वरिष्ठ समिति के अध्यक्ष अनार सिंह यादव, रमेशचंद्र तिवारी, सूबेदार सिंह शाक्य, सुबोध कुमार सक्सेना, सतीश कुमार यादव ने संयुक्त रूप से कर विजयी प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।
चुनाव परिणाम की घोषणा के साथ ही विजयी पदाधिकारियों का समर्थकों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। शिवकुमार दुबे, रविंद्र सिंह यादव, पंकज सक्सेना, प्रदीप कुमार सक्सैना, धीरेंद्र शाक्य, रामसेवक वर्मा, सच्चिदानंद तिवारी, विमल कुमार दुबे, शिशुपाल सिंह शाक्य, अशोक चौहान, संजीव तिवारी मौजूद रहे।
केके पांडेय बने वरिष्ठ उपाध्यक्ष
तहसील अभिभाषक परिषद की कार्यकारिणी में केके पांडेय द्वितीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए। सह सचिव पद पर राकेश कुमार राजपूत, उपाध्यक्ष पद पर सुधांशु मिश्रा, सदस्य पद पर केवी मिश्रा निर्विरोध चुने गए।