कासगंज। उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड अध्यक्ष रविकांत गर्ग रविवार को जिले के दौरे पर आए। यहां उनका व्यापारियों ने जोशीला स्वागत किया। उन्होंने व्यापारियों को सरकार की व्यापारियों के कल्याण की योजनाओं की जानकारी दी।
गर्ग ने बताया कि सरकार ने उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन सुगमता से व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए किया है। इसलिए व्यापारी को बोर्ड का अध्यक्ष बनाने का मौका दिया गया। उन्होंने बताया कि सरकार व्यापारियों की पेंशन योजना पर गंभीरता से कार्य कर रही है।
इससे वृद्ध व्यापारियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यापारी दुर्घटना बीमा की राशि बढ़ाकर पांच लाख रुपये से 10 लाख रुपये कर दी है। इसके अलावा मंडी समिति के लाइसेंसधारकों को तीन लाख रुपये का दुर्घटना बीमा का लाभ निर्धारित किया गया है। दैवीय आपदा की स्थिति में दो लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है।
बोर्ड ने सरकार को सुझाव दिया कि किसान क्रेडिट कार्ड की तरह व्यापारियों ट्रेडिंग क्रेडिट कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई जाए और एक लाख रुपये का ऋण बिना गारंटी दिया जाए। मंडी समिति के गोदामों को व्यापारियों के पक्ष में फ्री होल्ड किया जाए। व्यापारियों के कल्याण के लिए एक कोष बनाने की भी बोर्ड ने सिफारिश भी की गई है।
अनिल माहेश्वरी, रविकांत सक्सेना, सुरेश चंद्र वार्ष्णेय, राजीव गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, कृष्ण मुरारी दरगढ़, शिवम वर्मा, शैलेष माहेश्वरी, अनुज माहेश्वरी, सौरभ जैन, लक्ष्मीकांत चोला, अभिनव गुप्ता, ललित बिड़ला, दीपक सिंघल, हरिओम गौतम और विनोद गुप्ता सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।