मैनपुरी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के शांति मार्च के दौरान सात स्थानों पर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। चिह्नित स्थानों पर पुलिस बल मौजूद रहेगा। शांति मार्च के रास्ते पर खुफिया विभाग की चौकस नजर रहेगी। एडीएम और एएसपी नोडल अधिकारी के रूप में काम करेंगे।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने उप मुख्यमंत्री के शांति मार्च कार्यक्रम की तैयारियों की अधीनस्थ अधिकारियों के साथ समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 11 जनवरी को शांति मार्च में हिस्सा लेंगे। अधिकारियों के साथ बैठक के लिए सीडीओ नगेंद्र शर्मा, कानून व्यवस्था और शांति मार्च के लिए एडीएम बी राम, एएसपी ओमप्रकाश सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। एसपी अजय कुमार पांडेय ने हेलीपैड से लेकर मीटिंग हॉल तक, मीटिंग हॉल से लेकर बड़े चौराहे, क्रिश्चियन तिराहे, सहकारी बैंक तक शांति मार्च के लिए तैयारियों की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि शांति मार्च के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। कार्यक्रम के दौरान विघ्न डालने, शांति व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करने पर कार्रवाई होगी। अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों से डीएम ने कहा कि जिसकी ड्यूटी जिस स्थान पर लगी है वह समय से पूर्व पहुंचें। एसडीएम और सीओ शांति मार्च के मार्ग का स्वयं जाकर निरीक्षण कर व्यवस्थाएं कराएं। एडीएम बी राम, एसडीएम रजनीकांत, रतन कुमार वर्मा, अनिल कुमार कटियार, राम सकल मौर्य, अनूप कुमार, सीओ अभय नरायन राय, प्रियांक जैन, दद्दन प्रसाद मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 11 जनवरी को दोपहर 12 बजे कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। एक बजे भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद कोर ग्रुप की बैठक में हिस्सा लेंगे। बाद में वह नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में शांति मार्च में भाग लेने के बाद सहकारी बैंक परिसर में होने वाली सभा में शामिल होंगे।