कोसीकलां में दिल्ली गेट पर लोगों को समझाते हुए पुलिसकर्मी।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। दिल्ली गेट निकासा पर दुकानों को बंद कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों को घेर लिया गया। मौके पर पहुंची फोर्स ने भीड़ को तितर बितर कर दुकानों को बंद कराया। दुकानदारों का कहना था कि मीट की दुकानें सब्जी की श्रेणी में आती हैं। इस दौरान पुलिस ने लाठियां भी भांजी।
बृहस्पतिवार की सुबह दिल्ली गेट पर मीट की दुकानें खुली हुई थीं। सूचना पर दो पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और दुकानों को बंद कर लॉकडाउन का पालन करने के लिए कहा। जिस पर दुकानदारों ने उन्हें सब्जी की श्रेणी की दुकान बताकर विरोध किया और पुलिसकर्मियों को घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने दोनों पुलिसकर्मियों को घेर लिया। इस बीच सूचना मिलने के बाद एसडीएम डॉ. सुरेश कुमार, सीओ जगदीश कालीरमन, इंस्पेक्टर आजादपाल सिंह, सिटी इंचार्ज धीरज गौतम वहां पहुंच गए और दुकानों के लाइसेंस देखे। इसके बाद सभी दुकानों को बंद करा दिया गया। चेतावनी दी कि अगर दुकानें खुली मिलीं तो लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लॉक डाउन उल्लंघन के मामले में छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
जांच को पहुंचे एसपी ग्रामीण
मरकज वाली मस्जिद में नौ जमातियों को क्वारंटीन करने के बाद एसपी ग्रामीण जांच को पहुंचे। वहां उन्होंने मस्जिद एवं आसपास रह रहे लोगों से कोरोना वायरस से बचाव को उचित दूरी बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया।