रेलवे स्टेशन पर चेकिंग करते रेलवे विभाग के अधिकारी। संवाद
मैनपुरी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रयागराज और उप मुख्य यातायात प्रबंधक टूंडला के निर्देशन में शुक्रवार को रेलवे का विशेष चेकिंग अभियान चला। अभियान के दौरान आम आदमी ही नहीं पुलिसकर्मी और होमगार्ड भी बिना टिकट यात्रा करते मिले। रेलवे अधिकारियों ने 169 लोगों से 38555 रुपये का जुर्माना वसूला।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक टूंडला एके सिन्हा के नेतृत्व में टूंडला-फर्रुखाबाद खंड में सवारी गाड़ियों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इसमें बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों से जुर्माना वसूला गया, वही ट्रेनों और स्टेशन पर गंदगी फैलाने वालों और बिना बुकिंग के सामान वालों पर भी कार्रवाई की गयी l गाड़ी के दिव्यांग और महिला कोच में यात्रा कर रहे अनियमित यात्रियों को भी जागरूक करते हुए उचित डिब्बे में भेजा गया। रेलवे अधिकारियों को चेकिंग के दौरान 12 पुलिसकर्मी और होम गार्ड के जवान भी बिना टिकट यात्रा करते मिले। सभी से नियमानुसार जुर्माना वसूला गया।
विशेष चेकिंग में 169 लोगों से जुर्माना वसूला गया। इनमें 112 बिना टिकट चल रहे थे। वहीं 56 लोग धम्रपान व गंदगी करते पाए गए। एक व्यक्ति से बिना बुकिंग सामान ले जाने पर जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई में रेलवे अधिकारियों ने 38555 रेल राजस्व वसूला गया l
चेकिंग अभियान में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक शिकोहाबाद बीएलमीना, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक टूंडला मनोज कुमार, सीआईटी रेड टूंडला अभिलाष कुमार, रेलवे अधीक्षक मैनपुरी एचएस मीणा और टिकट चेकिंग स्टाफ आरपीएफ, जीआरपी स्टाफ मौजूद रहा ।
अनारक्षित टिकट बुकिंग की जानकारी भी दी
मैनपुरी और अन्य स्टेशनों पर बिना प्लेटफॉर्म टिकट लिए स्टेशन पर पाए गए लोगो पर कार्रवाई करते हुए स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट लेकर प्रवेश करने के लिए जागरूक किया गया। जुर्माना वसूलने के साथ उचित टिकट लेकर यात्रा करने तथा धूम्रपान व गंदगी न फैलाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया गया। इस दौरान यात्रियों को मोबाइल एप के माध्यम से कैसे अनारक्षित टिकट लिया जा सकता हैं के संबंध में भी जागरूक किया गया l