ट्रेन से कटकर युवक की मौत
रेलवे लाइनपार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मोहल्ला नगला विश्नू निवासी भूरा (40) कारखाने में मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। शनिवार रात वह दक्षिण थाना क्षेत्र के मोहल्ला मुरलीनगर के समीप से रेलवे लाइनपार कर रहा था। तभी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर युवक के घर न पहुंचने पर परिजन खोजबीन करते हुए जिला अस्पताल आ गए और शव की पहचान भूरा के रूप में की। भूरा का 18 साल का एक बेटा है जो बाहर नौकरी करता है।
ओवरब्रिज के नीचे मिला महिला का शव
कोटला चुंगी चौराहा के पास ओवरब्रिज के नीचे महिला का शव पड़ा होने की पता चलते ही भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष उत्तर संजीव कुमार दुबे ने बताया कि महिला भीख मांगकर अपना भरण पोषण करती थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।